PDS:211026
MILESTONES OF
MEMORIES - 2
’राम सहर’ : मेरा गाँव और मेरा वह पुराना घर
‘देहाती दुनिया’ मेरे पिता आ. शिवपूजन सहाय का लिखा उपन्यास है, जो 1926 में प्रकाशित
हुआ था। यह उसका शती-वर्ष है| ‘देहाती दुनिया’ को जब मैंने पढ़ा था तो मुझको लगा
उपन्यास का यह गाँव ‘राम सहर’ तो हमारा अपना ही ‘उनवांस’ गाँव है, जिसके पूरब
में बहने वाली ‘कोचान’ नदी में हमलोग रोज़ नहाने जाते थे – और उस उपन्यास के प्रायः
हर चरित्र को भी हमने अपने बचपन के उस गाँव में ही हर जगह किसी-न-किसी रूप
में इन्हीं आँखों से देखते थे | किसी और उपन्यास, उसके लेखक, और उसके परिवार का ऐसा
संयोग कहीं और देखने को नहीं मिल सकता है |
यह मेरा
सौभाग्य है कि हिंदी साहित्य की एक अन्यतम कथा-कृति में वर्णित भारतीय ग्रामीण
जीवन के पूरे परिवेश और उसके चरित्रों, उनकी बोल-चाल, हास-परिहास, सौहार्द और
जीवनोल्लास के बीच ही मेरे अपने जीवन का पूर्वार्द्ध बीता – उस कृति, उस भाव-भूमि और
उसके कृतिकार के साथ बीतते बचपन में !
मेरा भी यह 90 वां वर्ष चल रहा है। इस बीच जीवन कितना बदल गया | मेरे बचपन का
मेरा वह गाँव भी अब कितना बदल गया है | मेरा वह पुश्तैनी घर भी अब नहीं रहा |
वहां अब मेरे
ही परिवार के लोगों के नये पक्के मकान बन गए | गाँव का पूरा नक्शा ही बदल
गया जैसे | अब तो पुराने गाँव और उस पुश्तैनी घर की बस कुछ तस्वीरें मेरी
स्मृति में रह गई हैं, जिनमें कुछ तस्वीरें मेरे पास बची हैं जिन्हें मैंने अपने
कैमरे से उन दिनों खींचा था, जिन्हें आप यहाँ देख सकते हैं।
गाँव के वे सारे लोग भी अब नहीं रहे | मेरे बचपन के उस गाँव के बहुत से साथी भी अब
नहीं रहे| वहां के ज़्यादातर पुराने घर टूट गए और उनकी जगह अब शहरनुमा कई पक्के दुमंजिले
मकान बन गए | गाँव की काया ही जैसे बदल गई – जहां शाम घिरते ही मिटटी के बेढब घरों में कुछ दिये
टिमटिमाने लगते थे, या बड़े लोगों के पक्के घरों में लालटेनें जल जाती थीं,
वहां अब पूरे गाँव में
बिजली के खम्भे लग गए, रोशनी की जगमगाहट बढ़ गई, अंधेरी गलियाँ ईंटों से पट
कर अब रौशन हो गईं,गाँव में ही मोबाइल का टावर लग गया |
गाँव से सटे पच्छिम जो मुख्य कच्ची सड़क थी, जो गाँव को उत्तर की ओर
बक्सर और दक्खिन की ओर दिनारा से जोडती थी, हमारे बचपन में शाम
होते-होते सुनसान हो जाती थी | वह अब एक चौड़ी पिच सड़क में तब्दील हो गई है, और उसके दोनों
किनारे अच्छा-ख़ासा बाज़ार बस गया है | लगातार मोटरें-बसें चलने लगी हैं | लोग-बाग़ भी देर
रात तक घरों में नहीं, सडकों पर ही बने रहते हैं | बीते दिनों में बड़े लोगों
के दालान पर या बड-पीपल के नीचे किसी चबूतरे पर जो चौपाल जमती थी, अब वह सडक वाले
बाज़ार में चाय की दूकानों पर ज़मने लगी है | गाँव के पूरबी ओर जो नदी
बहती थी वह तो वैसी ही है, पर वह अब जैसे बराबर उदास ही रहती है, और उसके रास्ते
में, या गाँव के बीच में, या इधर- उधर जो कुछ पुराने नीम-मौलिसरी या
बड-पीपल के पेड़ थे, वे सब अब ज़माने का यह बदलना देखते हुए मौन हो गए हैं;
या कभी हवा
बहती है या आंधी आती तो उसीसे अपना मन बहला लेते हैं | किसी जीवन-स्पंदित, हरे-भरे गाँव
को एक निष्ठुर नीम-शहर में बदलते हुए देखना जीवन का यह एक सिहराने वाला अनुभव है |
‘उनवाँस’ गाँव बक्सर से दक्खिन दिनारा जाने वाली सड़क पर लगभग बीचोंबीच पड़ता है।
बक्सर स्टेशन भी पटना-मुगलसराय मेन लाइन के बीच में है | यहीं ईस्ट इंडिया कंपनी और
मुगलों के बीच अंतिम निर्णायक युद्ध 1764 में हुआ था जिसमें मुगलों की करारी हार
हुई थी | उस युद्ध में मारे गए अंग्रेजों की एक बड़ी कब्रगाह बक्सर में आज भी उसका
साक्षी है | स्टेशन से लगभग १ किमी उत्तर गंगा हैं, जिसके उस पार उत्तर प्रदेश
का गाजीपुर जिला पड़ता है | स्टेशन से उत्तर जाने वाली मुख्य सड़क पर ही दाईं ओर वह
कब्रगाह पड़ती है, जो बक्सर युद्ध की याद दिलाती है | बक्सर का महत्त्व एक हिन्दू
तीर्थ का है, जहाँ गंगा का ‘रामरेखा घाट’ है | वहां घाट पर एक प्राचीन रामेश्वर महादेव का
मंदिर भी है |
मेरे पिता से लगभग सात-आठ पीढ़ी पहले गंगा पार गाजीपुर के पास के एक बड़े गाँव
शेरपुर से उनके पूर्वज सुथरदास अपने माता-पिता के साथ लगभग बक्सर-युद्ध के आस-पास
ही (१८वीं सदी उत्तरार्द्ध में ) उनवांस में आकर अपनी ननिहाल में बस गए थे,
क्योंकि उनके
नाना को बस एक लड़की (उनकी माँ) ही थी, और घर की खेती-बारी अंततः सुथर दास को ही
संभालनी थी, क्योंकि उनके पिता भी शेरपुर से उनवांस आने के बाद चल बसे थे | लगभग यही कहानी
मेरे पिता ने अपने आत्मकथात्मक उपन्यास के रूप में ‘देहाती दुनिया’ में लिखी है। ‘देहाती दुनिया’ का ‘भोलानाथ’ मेरे पिता कि आत्मकथा
‘मेरा बचपन’ का ‘भोलानाथ’ ही है, और उपन्यास के
दूसरे अध्याय से ‘रामसहर ’ की जो कहानी आगे बढती है, वह ‘मेरा बचपन’ के ‘भोलानाथ’ की कहानी का ही औपन्यासिक रूप बन जाती है | उपन्यास के पाँचवें अध्याय में यह रहस्य खुलता है जब ‘देहाती दुनिया’ का
‘भोलानाथ’ कहता है –
हमारे नाना को कोई लड़का नहीं था | वह बाबू सरबजीत सिंह के बड़े पुराने दीवान थे |...नाना के गुजरते ही (बाबू सरबजीत सिंह के बेटे)
रामटहल सिंह ने हमारी नानी से कहा – अपने दामाद को बुलवाइए | नहीं तो मेरी जमींदारी मिटटी हो जायगी और आपका
काम-धाम भी चौपट हो जाएगा | नानी की बुलाहट
पर बाबूजी और मइयां के साथ हम भी राम सहर गए | बचपन में भी एक बार हम वहां गए थे | उस समय दुधमुंहे बच्चे थे |
अब वह गाँव अपनी पुरानी पहचान - अपने चारों ओर
अभी भी फैले खेतों, पगडंडियों, पुराने कुछ पेड़ों और इक्के-दुक्के पुराने कुछ मिटटी के
मकानों में सिमट चुका है | ‘देहाती दुनिया’
की वह पुरानी कच्ची सड़क जिस पर डोली में एक दुल्हन और साथ-साथ पैदल उसका दूल्हा जा
रहा था, जब अपने साथियों के साथ
‘भोलानाथ’ ने चिल्ला कर दुल्हे को चिढाया था –
रहरी में
रहरी पुरान रहरी, डोली में के
कनियाँ हमार मेहरी
और दुल्हे ने खदेड़ कर उनको ढेले से मारा था, और मेरे बचपन में भी दुपहरी में
जिस सुनसान सड़क पर एक बहुत पुराना घनी छाया वाला
बड़ का पेड़ हुआ करता था, जिसके नीचे
प्यासे राहियों के लिए एक पटियों से पाटा हुआ एक बड़ा सा पक्का कुआं था – वह सड़क अब एक घने भीड़-भरे बाज़ार में तब्दील हो गई है |
बचपन में और बाद में भी अपने घर के बड़े बूढों से मैंने सुथर दास के खानदान के
पुराने दिनों की वो कहानियां सुनीं थीं, और उनमें से बहुत सी बातें नोट भी की थीं | सुथर दास जो गाजीपुर से अपने माता-पिता के साथ आकर अपनी ननिहाल उनवांस में बस
गए थे, उनके बाद की तीसरी-चौथी
पीढ़ी में अनुमानतः 1850-55 में मेरे प्रपितामह देवीदयाल का जन्म लीलादास के पुत्र
के रूप में हुआ था| अपने चार-पांच
भाइयों में वे सबसे छोटे थे, लेकिन
दीन-दुनिया और घर की खेती-बारी में उनका मन बिलकुल नहीं लगता था और वे हमेशा
धर्म-ग्रंथों (योग वाशिष्ठ्य, विष्णु पुराण, आदि) के पाठ , जप और पूजा-पाठ
में ही लगे रहते थे | उनके भाइयों ने
तंग आकर उनको अपने से अलग कर दिया था – कुछ बेकार-बंजर जमीन और महुए आदि के कुछ
पेड़ देकर |
मेरी प्रपितामही भी - जो मेरे पिता के बचपन में कुछ दिन जीवित रही थीं, और जिनका नाम ‘नारायणी’ था – मेरे प्रपितामह (देवी दयाल) के धर्माचरण और भक्ति-भाव में पूरी तरह उनका साथ देती थीं | उनके कई पुत्र हुए जिनमें मेरे पितामह – श्री वागीश्वरी दयाल उनकी सबसे बड़ी संतान थे | उस समय परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत दयनीय थी | किसी तरह मेरी प्रपितामही ने अपने बड़े बेटे वागीश्वरी दयाल और अन्य पुत्रों की
प्रारम्भिक शिक्षा का कुछ प्रबंध करके उम्र होने पर उनको इस लायक बनाया और इस तरह वागीश्वरी दयाल आरा के एक ज़मींदार बक्शी हरिहर प्रसाद सिंह के उनवांस इलाके की ज़मींदारी के पटवारी बहाल हो गए, और तब मेरे पिता के बचपन में परिवार की स्थिति धीरे-धीरे सुधरने लगी | उन्होंने लिखा है, उनके बचपन में घर में ३० गायें थीं जिनमें १० हमेशा दुधार रहती थीं | घी-दूध की भी पूरी आफियत हो गयी थी | परिवार भी बड़ा था | यह पूरी कहानी मेरे पिता ने ‘मेरा बचपन’ में विस्तार से लिखी है |
हमारा वह पुराना घर
मेरे पितामह वागीश्वरी दयाल का शहर से तो रिश्ता बन गया था पर उनकी भी कोई
तस्वीर मेरे पिता के पास नहीं थी |उनकी बस लिखावट
मिली है - उनकी एक पढाई की कॉपी में जिसमें उन्होंने नागरी लिपि में कंडे की कलम
से लिखा है – “मालिक ई किताब बगेसर देयाल मौजा: उनवांस”| उनकी हिसाब-किताब की एक कॉपी भी हमारे पारिवारिक संग्रह में
है, जिसमें उनकी लिखावट है |
मेरे बचपन में हमारा जो पुश्तैनी मकान था उसको मेरे चाचा रामपूजन लाल ने 1920 के
आसपास बनवाया था, जो घर-गृहस्थी
के मालिक-मुख्तार थे | उनकी तस्वीर यहाँ
लगी है | मेरे पिता तो स्कूल की पढ़ाई
के बाद शहर में ही रह कर स्कूल-मास्टरी कर रहे थे, इसलिए खेती-बारी का जो लम्बा-चौड़ा सिलसिला हो गया था उसे रामपूजन लाल गाँव पर
ही रह कर देखते थे | कहते हैं उस
समय, मेरे पितामह वागीश्वरी
दयाल की पटवारीगिरी और उनके और
भाइयों की तहसीलदारी की वजह से
परिवार में लगभग ढाई सौ बीघे खेत की मिलकियत थी, लेकिन पारिवारिक मसलों में वह 1945 आते-आते डेढ़ सौ बीघे तक आ गई थी | रामपूजन लाल ही सबकुछ देखते-सम्हालते थे, लेकिन अचानक 1930 में टाइफाइड बुखार से उनकी मृत्यु हो गई |
मेरे पिता उन दिनों बनारस में सपरिवार रहते थे | यों भी खेती-बारी की हिस्सेदारी में उनकी शुरू से कोई दिलचस्पी नहीं रही | वे घर के पहले व्यक्ति थे जो शहर में जाकर स्कूल की सरकारी
नौकरी करने लगे थे | पारिवारिक
कलह-क्लेश से वे बराबर दूर रहना चाहते थे | रामपूजन लाल के मरने के बाद घर-गृहस्थी के मालिक अब सबसे छोटे भाई देवनंदन लाल
बन गए थे, और संपत्ति और उपभोग को
लेकर घर में गृह-कलह बढ़ गया था, जैसा मेरे पिता
के पत्राचार में बार-बार उजागर होता है – खास कर ‘उग्र’ और रामगोविंद त्रिवेदी के
पत्रों में, जिनसे शिवजी (मेरे पिता) अपना सारा दुखड़ा खोल देते थे | शिवजी को बार-बार इस घरेलू कलह में बीच-बिचाव करना पड़ता था, जैसा उनकी कुछ पारिवारिक चिट्ठियों से पता चलता है | लेकिन यह तो प्रायः हर भारतीय परिवार का किस्सा है | अंततः 1945 के आसपास खेती-बारी, ज़मीन-जायदाद का तीन हिस्सों में बंटवारा हो गया जिसके लिए
शिवजी को राजेंद्र कॉलेज, छपरा से गाँव
आकर निबटारा करना पड़ा | बंटवारे में हर
फरीक – तीनों भाइयों के हिस्से लगभग 50-50 बीघे जमीन आई | खानगी (आपसी) बंटवारे का वह कागज़, उस समय के और इस तरह के बहुत से कागजों की तरह, मेरे पिता के संग्रह में आज भी वर्त्तमान है, जिसकी अब शायद केवल रद्दी की
कीमत समझी जायेगी |
बंटवारे में गाँव के पुश्तैनी मकान का भी बंटवारा हो गया | बड़े से आंगन और चौकोर बरामदों के साथ बारह कमरों में
चार-चार कमरों का हिस्सा तीनों फरीकों को मिला | मेरी उम्र इस वक़्त तक 7-8 साल की हो गयी थी, और बाबूजी (मेरे पिता) ने मेरी दो बहनों – सरोजिनी और बिनोदिनी को गाँव वाले
इस घर में ही खेती-गृहस्थी सम्हालने के लिए रख दिया था | तीनों फरीक एक ही बड़े आँगन में रहते थे, जिसके बीचों-बीच एक बेल का पेड़ था जिसमें खूब फल लगते थे और
चिड़ियों का बसेरा रहता था | मेरा बचपन भी
ज़्यादातर अपने बड़े भाई और दो बहनों के साथ उसी आँगन में बीता था, दो चाचियों की देख-रेख में, जिसमें मझली विधवा चाची बहुत गोरी और सुन्दर थीं, और बराबर गले में मोटी-सी सोने की हंसुली पहने रहती थीं | छोटी चाची का स्वभाव कुछ झगडालू था और वे बहुत हकलाती भी
थीं, जिससे ऐसे प्रसंगों की
नाटकीयता हमलोगों के लिए बहुत बढ़ जाती थी |
चिट्ठियों से और देखते-सुनते मुझको मालूम हो गया था कि मेरी दोनों चाचियों के
कलह के कारण ही मेरी माँ को भी बाबूजी ने ज़बरदस्ती गाँव पर रहने को मजबूर किया था | लेकिन चार
बच्चों को जन्म देने के बाद लहेरियासराय में ही उसका स्वास्थ्य तेज़ी से गिरने लगा
था, और फिर गाँव परिवार में गोतिनियों के कलह के कारण बाबूजी को जबरदस्ती, माँ की अनिच्छा के विरुद्ध, उन्हें छपरा से गाँव भेजना ही पड़ा |फलतः, गाँव में दवा-इलाज की कोई
व्यवस्था न होने के कारण छपरा से उनवांस आने के कुछ ही महीनों बाद 16 नवम्बर, 1940 को मेरी बीमार माँ का दुखद अंत हो गया | मैं तो अभी माँ की गोद में ही था,जिसकी बहुत धुंधली सी याद कहीं मेरी स्मृति में रह गयी है -
कि बीमारी की हालत में अपने (पूरबारे) हिस्से की कोठरी में खाट पर लेट कर वह मुझको
दूध पिला रही है | पर उसके मरने
की कोई याद मेरी स्मृति में नहीं है | मेरी दो बहनें
और बड़े भाई, आनंदमूर्ति तब वहीँ थे | बाबूजी को तार देकर छपरा से बुलाया गया था और तब गंगा के
किनारे बक्सर के चरित्रवन स्मशान घाट पर माँ का दाह-संस्कार हुआ था | यह बहुत अच्छी तरह याद है कि माँ के मरने पर लखनऊ से निकलने
वाली ‘सुधा’ पत्रिका बाबूजी के पास गाँव पर आई थी जिसमें मुखपृष्ठ पर माँ का चित्र छपा था, और उसको देखकर हम चारों भाई-बहन बहुत देर तक आँगन में खूब रोते रहे थे | आज यह लिखते
हुए भी मेरी आँखें भर आई हैं | घर-गिरस्ती की
देखभाल के नाम पर चाचियों ने बाबूजी को मजबूर कर दिया था कि हमारी माँ को गाँव में
ही रहना होगा, और इसी जिद में उसकी जान
चली गयी | इस बात को हम चारों भाई-बहन जीवन में कभी भूल नहीं सके |
जब माँ का देहांत हुआ था तब पहले हमलोग मकान के दक्षिण-पूरबी हिस्से में रहते
थे | उत्तर-पूरब का हिस्सा मंझले
चाचा का था | पच्छिम का हिस्सा छोटे चाचा
का था जो अब पूरी खेती-बारी के मालिक और मुखिया थे और गाँव में सब लोग उनको देवानजी या मुखियाजी कहते भी थे | गाँव जवार में कुछ मेरे पिता की साहित्यिक प्रसिद्धि के कारण भी, मैंने अपने बचपन में देखा था, मेरे छोटे चाचा
का बहुत बड़ा रुतबा था | बाबूजी के यश
के कारण ही पंचायती राज कायम होने के बाद मेरे छोटे चाचा पंचायत के पहले निर्वाचित
मुखिया भी हो गए थे | इस समय तक मैं
कॉलेज में पढने लगा था | बाबूजी
राजेंद्र कॉलेज से त्यागपत्र देकर बिहार राष्ट्र-भाषा परिषपरिषद् के मंत्री पद पर पटना आ गये थे | छपरा में रहते हुए ही दोनों बहनों और बड़े भाई की गाँव से ही
शादी हो गई थी | छोटे चाचा ने मकान में अपना
पछिमारा हिस्सा कुछ मुआवज़े के
साथ छोड़कर और पुराने पुश्तैनी मकान से उत्तर थोडा हटकर अपना नया पक्का मकान बना
लिया था और उनका परिवार उसमें चला गया था | यह तभी हुआ था जब तीनों भाइयों में खानगी बंटवारा हुआ था | अब मेरी बहनें और नई चंदा भाभी (नवजादिक लाल की तीसरी बेटी)
पुराने वाले मकान के छोटे चाचा वाले आधे पश्चिमी हिस्से में रहने लगे थे | बाबूजी का वागीश्वरी पुस्तकालय जिसकी अस्त-व्यस्त सामग्री
पहले दक्षिण-पूर्व भाग के एक कमरे में जैसे तैसे बोरों में या लकड़ी के देहात में
बने रैकों पर रखी थी, अब बाबूजी ने
छपरा में रहते ही पुस्तकों के लिए अलमारियां बनवाकर भेज दी थीं और अब पुराने घर के
पश्चिमी भाग के एक लम्बे कमरे में पुस्तकालय काफी व्यवस्थित हो गया था |
कुल मिलाकर देवीदयाल से लेकर उनके पोते रामपूजन लाल के समय तक जब केवल
वागीश्वरी दयाल के वंशज एक साथ रह गए थे, क्योंकि देवीदयाल के वंश-वृक्ष की और शाखाएं फलित नहीं हुईं, अथवा अन्यत्र जा बसीं, और उनमें जो लड़कियाँ (फूफियाँ) हुईं वे अन्यत्र ब्याह कर चली गयीं, अतः वागीश्वरी दयाल की मृत्यु के समय उनके दो भाई और
वागीश्वरी दयाल के तीन बेटे (शिवपूजन, रामपूजन और
देवनंदन ) ही रह गए थे | इसीलिए तीनों
भाइयों की शिक्षा आगे नहीं बढ़ सकी, और संयुक्त
परिवार में उनके विवाह का कार्य सब वागीश्वरी दयाल के दो भाइयों – रामबृक्ष लाल और शिवगोविन्द लाल ने ही किसी
तरह पूरा किया| इतना अनुमान है कि जो
पुश्तैनी मकान मेरे होश में था, और जिसे
रामपूजन लाल ने बनवाया था, उससे पहले ही
उनके दोनों चाचा लोगों की मृत्यु हो चुकी थी, और इसी लिए रामपूजन लाल की मिलकियत में ही नया मकान बना | जब 1945 में अंतिम बंटवारे के बाद पूरा होश सम्हालने के बाद मैंने अपने चाचा और दोनों चाचियों से
जानकारी ली तो पता लगा कि इस नए मकान के बनने से पहले एक शामिल कच्चा मकान इसके चबूतरे से थोडा आगे था जिसकी दालान
पूरब-मुखी थी | उसके पश्चिमी हिस्से में
वागीश्वरी दयाल का परिवार रहता था और पूरबी हिस्से में देवी दयाल के एक चचेरे भाई
(वागीश्वरी दयाल के एक अन्य शाखा के चाचा) बाबूलाल दास के वंशज रहते थे |परिवार में हो
रही वृद्धि के बीच वागीश्वरी दयाल ने पहले के पुराने मकान से उत्तर आगे एक और मकान अपने परिवार के लिए बनवाया था | आज उसी जगह पर सबसे छोटे चाचा देवनंदन लाल के परिवार का
मकान है जो 1945 के बाद मेरे होश में बना था | मेरे होश में जो मकान था जिसे अभी ध्वस्त किया गया है, उसे रामपूजन लाल ने फिर उसी जगह पर बनवाया जहाँ से उत्तर हट
कर वागीश्वरी दयाल ने बढ़ते हुए परिवार के लिए अपना नया मकान बनवाया था | इस तरह देवी दयाल के समय पुराने समय से चला आ रहा मकान था, जहाँ से उत्तर हट कर वागीश्वरी दयाल ने बड़ा मकान बनवाया, और फिर उनके मरने के बाद उनके बेटे रामपूजन लाल ने वह हालिया मकान बनवाया जो आखिरी शामिल मकान था, जो मेरे होश में हमलोगों का आखिरी मकान था, और जिसकी मेरी खींची
हुई तस्वीर यहाँ लगी हुई है |
इसी आखिरी मकान में हमलोगों का परिवार और रामपूजन लाल के एकमात्र पुत्र श्री शारदारंजन प्रसाद का परिवार ( वे, उनकी पत्नी, और उनकी माँ, हमारी चाची, श्री रामपूजन
लाल की विधवा ) क्रमशः पश्चिन और पूरब की ओर रहने लगे | (चाचा देवनंदन लाल
ने अपना अलग मकान 1945 के बंटवारे के बाद उत्तर वाली उसी जगह पर बनवा लिया जहाँ
वागीश्वरी दयाल ने पहले बढ़ते परिवार के लिए अपने समय में नया मकान बनवाया था, जो छोटे चाचा देवनंदन लाल के नए मकान के रूप में आज भी कुछ
परिवर्त्तित हालत में मौजूद है |)
जब मैं कॉलेज में पढने लगा था, चाचा देवनंदन
लाल का नया मकान अलग बन चुका था | रामपूजन लाल
वाले मकान में अब दो हिस्सेदारों का परिवार ही रहता था – हमारा और रामपूजन लाल का | इसी समय हमलोग छपरा से
उनवांस आकर इस मकान के पच्छिमी हिस्से में रहने लगे थे, और उसके पश्चिम-उत्तर वाले लम्बे कमरे में बाबूजी के
पुस्तकालय की किताबें चार-पांच आलमारियों में और कुछ लकड़ी के रैकों पर रखी गयी थीं | मेरे बड़े भाई तब मैट्रिक के
छात्र थे और बक्सर में ही पढ़ रहे थे | मुझे याद है वे
उसी लाइब्रेरी में अन्दर से
दरवाजे की किल्ली बंद करके केवल अपनी एक आलमारी-भर अंग्रेजी की किताबें सुबह से
देर शाम अँधेरा होने तक पढ़ते रहते थे | और शाम को तफरीह के लिए हम सब लोग पोखरा या नदी की ओर सैर
के लिए जाया करते थे |
रामपूजन लाल वाले इसी मकान में वह ख़ास कमरा था (जो उन दिनों सबसे पहले वाले उस
मकान में पश्चिम-दक्खिन कोने की ओर रहा होगा, और जो अब हमारे हिस्से में पड़ता था ) जिसका उपयोग
प्रसूति-गृह की तरह होता रहा था, और इसी में
मेरी पितामही (राजकुमारी देवी) के सभी बच्चों का (और शिवपूजन सहाय का) जन्म हुआ था
| उस सबसे पुराने (देवीदयाल
के समय वाले) मकान के इसी कमरे को
जो उस समय भी मिटटी का और खपरैल ही रहा होगा, देवता-पित्तर का घर (पूजा- घर) माना जाता था | प्रस्तावित निर्माणाधीन स्मारक में इसी स्थान पर एक विशेष प्रस्तर पट्टिका
लगायी जाएगी |
मेरे अपने परिवार और गाँव की यह पूरी कहानी मेरे दूसरे ब्लॉग – ramsahar.blogspot.com – पर विस्तार से पढ़ी जा सकती है,
जहां हमारे वंश-वृक्ष की तफ़सील भी दी गई है। मेरे पिता की आत्मकथा ‘मेरा बचपन’ में
गाँव ओर परिवार की और भी बातें पढ़ी जा सकती हैं।
मैं अपने गाँव से बहुत प्यार करता था। अब तो वह गाँव रहा ही नहीं। लेकिन वह नदी
उसी तरह बहती मिलती है। गाँव के उत्तर जो पोखरा था अब वहाँ चारों तरफ ‘walkway’ और एक सुंदर पार्क बन गया है, जिसमें मेरे पिता
की एक मूर्त्ति भी लगाई गई है। हमारा मकान जहां था वहाँ अब एक चहार दीवारी घेर दी गई
है जिसमें मेरे पिता का एक स्मारक बनाने की योजना है। हम चार भाई-बहनों ने (जिनमें
अब केवल मैं रह गया हूँ) 1993 में पिता के नाम पर ‘आचार्य शिवपूजन सहाय स्मारक न्यास’
कि स्थापना की थी, जिसके ब्लॉग पर आप उसकी गतिविधियों के बारे में जान सकते हैं – shivapoojan.blogspot.com
इस फ़ोटो-ब्लॉग पर ज्यादातर फोटो लगाए जाते हैं, और यह कुछ निकट के अंतरंग लोगों
के लिए चलाया जा रहा है। मेरे पिता के साहित्यिक जीवन से सम्बद्ध मेरे कुछ ब्लॉग और
हैं, जिन्हें भी देखा जा सकता है, जैसे – vibhutimurty.blogspot.com // Vagishwari.blogspot.com //
murtymuse.blogspot.com. इन पर Google browser में जाकर क्लिक करें और पढ़ें
– इनके पहले वाले पोस्ट Older Posts पर क्लिक करते हुए। न्यास का एक YouTube
चैनल भी है जिस पर कुछ वीडियो फिल्में मेरे पिता से सम्बद्ध देखी जा
सकती हैं। देखें - VAGISHWARIMURTY.COM
चित्रों का परिचय (ऊपर से नीचे): सबसे ऊपर गाँव के सटे पूरब कोचान नदी / गाँव में ऊँख-पेराई का दृश्य / गाँव के उत्तर कमल-दल का पोखरा (नीचे उसका दूसरा दृश्य) / गाँव से पूरब नदी के रास्ते में शिव-मंदिर जिसकी चर्चा 'मेरा बचपन' में है जहां बालक शिवजी जगेसर माली के साथ पूजा करने जाते थे / हमारा पुराना घर जो अब नहीं रहा जो 'देहाती दुनिया' की बड़ी हवेली का मोडेल है / वह जन्म-गृह (पूजा-गृह) जो परिवार का प्रसूति-गृह था और जिसमें शिवजी का भी जन्म हुआ था / फिर गाँव के मेरे बचपन के समय के कुछ लोग और मेरे परिवार के चित्र।
रामसखी पांडे / लाला भैया(चचेरे भाई) / नरेश / शिवपूजन पहलवान / रंजीत पांडे / रामपूजन लाल (मझले चाचा) / देवनन्दन लाल (छोटे चाचा) / हरवंश साहू / पं जगन्नाथ शर्मा / राजनाथ दुबे (शिवजी के जन्म के दिन ही जिनका जन्म हुआ था; उनके सबसे मुहबोले साथी) / (शिवजी का) जन्मगृह / परिवार के लोगों के चित्र /
गाँव -परिवार के कुछ और चित्र भी अगले पोस्ट में लगेंगे ।
|

























Comments
Post a Comment